होटल से 23 सट्टेबाज गिरफ्तार, 12 लाख से ज्यादा नगदी बरामद

हरिद्वार। दिल्ली रोड स्थित होटल ऑल सीजन में गुरुवार देर रात सट्टा खेल रहे 23 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर की गई। पुलिस को मौके से 12 लाख 50 हजार की रकम बरामद हुई है। पुलिस ने सभी सट्टेबाजों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस को मौके से एक डायरी भी मिली है, जिसमें कई सफेदपोशों और कारोबारियों के मोबाइल नंबर भी मिले हैं। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है।


बता दें कि गुरुवार की देर रात किसी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को सूचना दी कि दिल्ली रोड स्थित होटल ऑल सीजन के दो कमरों में कुछ लोग सट्टा खेल रहे हैं। सूचना के मिलने पर एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र चौहान को इस मामले में गोपनीय तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने पुलिस टीम के साथ होटल ऑल सीजन के दो कमरों में छापा मारा। वहां पर 23 लोग सट्टा खेलते पकड़े गए। पुलिस को मौके से 12 लाख 50 हजार रुपए की रकम बरामद हुई। साथ ही मौके से कई मोबाइल और अन्य सामान भी बरामद हुए हैं। पुलिस को मौके से एक डायरी भी मिली है, जिसमें कई लोगों के नंबर हैं।


पुलिस इन सभी को कोतवाली ले आई, जहां पर इनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि इन सभी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही होटल मालिक पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *