कलियर में पांच वर्षीय मासूम से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, एक माह बाद खुला मामला

चॉकलेट दिलाने का लालच देकर बच्ची को ले गया था खंडहर में, पुलिस ने स्केच और 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई

हरिद्वार। कलियर क्षेत्र में पांच वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के मामले का पुलिस ने एक महीने की मशक्कत के बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी अपनी झोपड़ी छोड़कर दिल्ली भाग गया था। पुलिस ने बच्ची के बताए हुलिए के आधार पर स्केच तैयार कराया और 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी तक पहुंच बनाई।


पुलिस के मुताबिक, सात अक्टूबर को मोतीचूर बहराइच, उत्तर प्रदेश निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली कलियर में तहरीर देकर बताया था कि छह अक्टूबर को उसकी पांच वर्षीय बेटी के साथ अज्ञात व्यक्ति ने दुष्कर्म किया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने प्रभारी निरीक्षक कलियर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध कराए गए संदिग्धों के फोटो और नाम के आधार पर पड़ताल की। कलियर दरगाह परिसर, कलियर-रुड़की मार्ग, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बाजार में लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही बच्ची की मदद से संदिग्ध का स्केच भी तैयार कराया गया।


लगातार प्रयासों के बाद पांच नवंबर को पुलिस ने अब्दाल साहब रोड से इमलीखेड़ा जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को चॉकलेट और अन्य चीजें दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद वह वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पकड़े जाने के डर से उसने अगली सुबह अपनी झोपड़ी भी हटा दी और दिल्ली चला गया।


पुलिस ने आरोपी की पहचान सिकंदर उर्फ जमीं खां (35) पुत्र जकी खां निवासी पुराना रामपुर रोड, शाहबाद, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी हज कमेटी के पास झुग्गी-झोपड़ी, कलियर के रूप में की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *