सड़क हादसों में हरियाणा के दो लोगों की मौत, चार घायल

हरिद्वार। अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई है। दोनों ही हरियाणा के रहने वाले बताये जा रहे हैं। इन सड़क हादसों में चार लोग भी घायल हुए हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों मामलों की छानबीन में जुटी हुई है।


जानकारी के मुताबिक रुड़की सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार हाईवे पर खटका गांव के पास हरियाणा निवासी यात्रियों की स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में विकास उम्र 35 वर्ष निवासी खोजकीपुरा, संजय उम्र 32 वर्ष निवासी समालका व दीपक निवासी पूटरा, जनपद पानीपत हरियाणा घायल हो गए। हादसा होने के बाद मौके पर लोगों भीड़ जमा हो गई। जिसके बाद हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके से पुलिस ने सभी घायलों को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। बाकी सभी घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है।


वहीं दूसरी ओर दूसरा हादसा भी सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के नगला इमरती गांव के पास हुआ। यहां भी सड़क हादसे में हरियाणा के यात्रियों की कार आगे जा रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में योगेश उम्र 28 वर्ष, विक्की उम्र 27 वर्ष व सुमित निवासी सोनीपत हरियाणा घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर अस्पताल के चिकित्सकों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को ट्रैफिक पुलिस लाइन भिजवाया गया है। पुलिस ने हादसे की सूचना योगेश के परिवार को दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *