देहरादून। श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर व जंगम शिवालय मंदिर के श्री महंत कृष्णागिरि महाराज ने कहाकि श्रावण मास भगवान शिव को अत्यंत प्रिय मास है। इस मास में भगवान शिव की विशेष कृपा बरसती है। भगवान शिव भोले हैं, जो भक्त के एक लोटा जल मात्र से प्रसन्न हो जाते हैं, इसलिए उन्हें भोलेनाथ कहा गया है। उनकी पूजा, आराधना किसी विशेष सामग्री की आवश्यकता नहीं पड़ती। केवल श्रद्धा भाव से शिव स्मरण ही मुक्ति का सोपान है।
उक्त उद्गार उन्होंने श्रावण मास के प्रथम सोमवार को भगवान शिव का पूजन, अभिषेक करने के पश्चात श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहाकि शिव पूजा से सभी प्रकार के विघ्न, बाधाओं का नाश हो जाता है। जो व्यक्ति श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान शिव की आराधना करता है, उसके शिवलोक की प्राप्ति होती है। उसे जन्म-मरण के बंधन में फिर फंसना नहीं पड़ता। उन्होंने अपना कल्याण चाहने वालों को हर स्थिति में शिव नाम स्मरण करते रहने का अनमोल मंत्र दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में संत, श्रद्धालु मौजूद रहे।


