धर्म के संरक्षण संवर्द्धन के लिए प्रयास कर रही भाजपा सरकारः रविन्द्र पुरी

हरिद्वार। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बैरागी कैंप स्थित अखिल भारतीय श्री पंच निर्मोही अनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी एवं महामंत्री श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और धर्म व संस्कृति से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि धर्म के संरक्षण संवर्धन को लेकर भाजपा सरकार लगातार प्रयासरत है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और राम मंदिर सहित जगतगुरु रामानुजाचार्य की मूर्ति स्थापना के साथ ही केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों को दिशा देना मात्र भाजपा सरकार में ही संभव है। कई षड्यंत्रकारी और असामाजिक तत्व सनातन धर्म पर कुठाराघात करके देश की एकता अखंडता को तोड़ना चाहते हैं। किंतु संत समाज ऐसे नापाक इरादों को कभी कामयाब नहीं होने देगा और राष्ट्र को एकता के सूत्र में जोड़े रखेगा।
अखाड़ा परिषद महामंत्री श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने कहा कि आज संपूर्ण विश्व में भारत का एक अलग स्थान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की कार्यकुशलता और विकासशील सोच भारत को विकसित देश की ओर अग्रसर कर रही है। आने वाले कुछ वर्षों में भारत का एक अलग ही स्वरूप देखने को मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि देश में समान नागरिकता कानून लागू कर देश की सीमा से अवैध घुसपैठियों को बाहर किया जाए। सीएए और एनआरसी कानूनों को जल्द से जल्द देश की सुरक्षा के लिए लागू करना चाहिए। बड़ी संख्या में रोहिंग्या मुसलमान भारत की एकता के लिए खतरा हैं। जो समय-समय पर देश में दंगों की साजिश रच रहे हैं। ऐसे असामाजिक तत्व और बाहरी लोगों को देश की सीमा से बाहर किया जाए।
मंगल पीठाधीश्वर स्वामी माधवाचार्य एवं जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी अयोध्याचार्य महाराज ने कहा कि भाजपा सरकार को संपूर्ण देश में मठ मंदिर मुक्ति कानून को लागू करना चाहिए और जो मंदिर मठ अखाड़े जर्जर अवस्था में हैं। उनका पुनर्निर्माण कर उनकी व्यवस्था को सुचारू करना चाहिए। संत मोदी सरकार से ऐसी कामना करते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने सभी संत महापुरुषों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने सदैव ही संतों का मान-सम्मान किया है। देश की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार लगातार योजनाएं बनाकर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का समग्र विकास हो रहा है और योजनाएं धरातल पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि जब जब भी देश पर कोई आपत्ति विपत्ति आई है तब संत समाज ने अग्रणी भूमिका निभाकर केंद्र सरकार और देश का साथ दिया है। संत महापुरुष हम सभी के पूज्नीय है और अपना जीवन परमार्थ के लिए समर्पित करते हैं। मोदी सरकार ने सनातन धर्म के हित के लिए जो कार्य किए हैं, वह अकल्पनीय हैं। हम सभी को संत महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग का अनुसरण करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *