हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज तथा महामंत्री राजेन्द्र दास महाराज ने ओडिशा के बालासोर में हुये ट्रेन हादसे में मारे गये लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है।
विदित हो कि शुक्रवार रात ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे से देश भर में शोक की लहर है। हर कोई घटना से दुखी है। वहीं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी व महामंत्री राजेन्द्र दास महाराज ने भी सभी संतो की ओर से घटना पर अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने घटना में अपनी जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा शांति की कामना करते हुए परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। साथ ही घायलों के जल्द ही स्वस्थ होने की कामना की है।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि रेल हादसे के लिए दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा इस पूरी घटना की सही ढंग से जांच होनी चाहिए।


