60 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का मामला देहरादून जिले के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र में सामने आया है। इस घटना में एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। हत्या के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए। घटना करीब दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार विकासनगर कोतवाली के बाडवाला क्षेत्र में जमीन को लेकर स्थानीय ग्रामीणों की दो लोगों से बहस हो गई थी।ये लोग हरियाणा से आए थे। इस दौरान एक युवक ने ग्रामीणों को डराने के लिए फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली 60 साल के बुजुर्ग और दूसरी गोली एक युवक को लगी। गोली लगने से दोनों लोग घायल हो गए थे, जिन्हें पास के हॉस्पिटल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के बताए अनुसार जिस गाड़ी से आरोपी आए थे, उसका नंबर HR-32C-5735 है। एक महिला ने बताया कि आरोपी उसकी जमीन को अपना बता रहे थे। आरोपियों ने जब महिला के साथ बदतमीजी की तो आसपास के लोग भी मौके आ गए थे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इस दौरान आरोपियों ने गोली चला दी, जो दो लोगों को लगी। गोलीकांड में मरने वाले व्यक्ति का नाम बगेल सिंह निवासी लाछा गांव बताया जा रहा है। दूसरे घायल व्यक्ति का नाम अतुल है, जो मूल रूप से लेल्टा गांव का रहने वाला है। उसका हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है।
बताते चलें कि स्थानीय लोगों के बताए अनुसार आरोपी एक रात पहले को धमकाने आए थे और आज उन्होंने ये कांड कर दिया, जिससे ग्रामीणों में काफी रोष में है।गोली चलाने वाले युवक गाड़ी छोड़ कर भाग गए।पुलिस गाड़ी को जब्त कर जांच में जुटी हुई है।


