हरिद्वार। लोकसभा चुनाव में अब एक वर्ष से भी कम का समय बचा हुआ है। इसी के साथ चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की सक्रियता देखी जा सकती है। हालांकि कांग्रेस, सपा के उम्मीद्वारों की अभी सुगबुगाहट भी नहीं है। किन्तु भाजपा में कई नेताओं के मन में चुनावी लड्डू फूटना शुरू हो गए हैं। भाजपा में वर्तमान सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक तो इस सीट से दावेदार हैं ही, किन्मु विधायक मदन कौशिक की भी चर्चा आम है। साथ ही स्वामी यतीश्वरानंद का नाम भी उछल रहा है। उधर संतों ने किसी संत को टिकट देना का शिगुफा छोड़कर नेताओं की बैचेनी को बढ़ा दिया है।
मगर इन सबसे अलग एक और नया नाम लोकसभा चुनाव के लिए सामने आया है। वह है लक्सर से पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता संजय गुप्ता का। संजय गुप्ता को टिकट देने के लिए किसी अन्य ने नहीं बल्कि खुद मुस्लिम समाज की महिलाओं ने मांग की है। मुस्लिम महिलाओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर संजय गुप्ता को सक्रिय व अच्छा नेता बताते हुए टिकट देने की मांग की है। हालांकि वीडियो किसने जारी किया इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। इतना जरूर है की वीडियो मंगलौर क्षेत्र का बताया गया है। गतिमान न्यूज इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता।