हरियाणा की जीत, पीएम की नीतियों पर जनता ने लगाई अपनी मुहर: संजय गुप्ता

नायाब साबित हुए हरियाणा के सीएम नायब सिंह


हरिद्वार।
हरियाणा चुनाव में भाजपा की बम्पर जीत और जीत की हैट्रिक से गदगद हुए वरिष्ठ भाजपा नेता व लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों व नायब सिंह सैनी के अथक प्रयासों का परिणाम बताते हुए भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता व जनता की जीत बताया है।


नायब सिंह सैनी को जीत की बधाई देते हुए संजय गुप्ता ने कहाकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों को एक बार फिर से जनता ने अपना आशीर्वाद देकर यह साबित कर दिया है कि भाजपा ही देश का विकास करने में सक्षम है।


उन्होंने कहाकि जिस प्रकार से कांग्रेस ने चुनावों में दुष्प्रचार कर जनता में भ्रम फैलाने का कार्य किया और सत्ता पाने के लिए जिस प्रकार से घृणा और जाति की नीति पर अमल किया, हरियाणा की जनता से उसे सिरे से नकारते हुए कांग्रेस को आईना दिखा दिया की वह विकास चाहती है और विकास केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही हो सकता है।


उन्होंने कहाकि नायब सिंह चुनाव में नायाब साबित हुए, जिस कारण से सत्ता के सपने देख रही कांग्रेस केवल हाथ मलते हुए रह गई। हाथ को जनता के हाथ ने नकार दिया। उन्होंने कहाकि विगत दस वर्षों के कार्य में भाजपा ने हरियाणा का चहुंमुखी विकास किया। युवा, किसान, दलित पिछड़ों आदि के लिए जो कार्य भाजपा ने किए उसी के चलते जनता ने भाजपा को लगातार तीसरी बार अपना आशीर्वाद दिया।


भाजपा की जीत से उत्साहित भाजपा नेता संजय गुप्ता ने मिठाई बांटकर खुशी मनायी और मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर इसी प्रकार से भाजपा का परचम लहराते रहने की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *