बहन का मोबाइल चलाना भाई को इतना नागवार गुजरा कि उसने बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद मौके से फरार हो गया। मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी भाई की तलाश शुरू कर दी है। मामला यू पी के सहारनपुर के देहात क्षेत्र के शेखपुरा कदीम का है।
रविवार को मुस्कान उम्र 18 वर्ष अपने भाई और मां के साथ घर पर थी। वह मोबाइल चला रही थी, जिसे लेकर भाई आदित्य ने उसे डांटा। दोनों के बीच इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ी कि आदित्य ने जेब से पिस्टल निकाली और मुस्कान के सिर पर गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह वहां से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर मां दौड़ती हुई उस कमरे में पहुंची तो देखा की मुस्कान खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ी हुई है।
मां ने चीख-पुकार मचाई तो आस-पास के लोग भी वहां आ पहुंचे। इसके बाद परिजन तुरंत मुस्कान को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मां ने बेटे आदित्य के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करवाया।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना रविवार शाम 8:15 बजे की है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मृतका की मां की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


