हरिद्वार। जनपद के रुड़की स्थित जीवनदीप आश्रम स्थित श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित समेत जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और पंचदशनाम जूना अखाड़े के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्र आनंद गिरि से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की गौरी प्रभात, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, पुलिस क्षेत्राधिकारी ओशनी जोशी समेत अनेक अधिकारी आश्रम पहुंचे। सभी ने श्री सिद्धबली हनुमान मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन किया और महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्र आनंद गिरि से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
आश्रम संचालक मोहित शास्त्री ने जिलाधिकारी को आश्रम की ओर से संचालित सेवा गतिविधियों और धार्मिक कार्यों की जानकारी दी। महामंडलेश्वर ने सभी अधिकारियों के उत्तम स्वास्थ्य, जिले में शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही विकास कार्यों की निरंतरता के लिए मंगलकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।

