संतों की साख पर सवाल! साधु बनने से पहले हो मेडिकल टेस्ट, महामंडलेश्वर की पदवी के लिए बने नियम

संतों पर शोषण के आरोपों के बाद उठी सुधार की मांग, महिला संतों को भी अखाड़ों में महत्वपूर्ण पद देने की पैरवी
विगत दिनों श्री पंच अग्नि अखाड़े के सचिव व श्री श्याम अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी सुमितानंद महाराज द्वारा साधु बनने से पूर्व नसबंदी अनिवार्य किए जाने संबंधी दिए गए बयान के बाद इस पर बहस तेज हो गयी है। पहले दुर्गाचार्य साध्वी कंचन भवानी ने साधुओं को ऋषि परम्परा अपनाने की नसीहत दी। इसके बाद अब महाकाल की नगरी उज्जैन से भी साधुओं का साधु बनने से पूर्व मेडिकल टेस्ट कराने और नियमावली बनाने की मांग उठी है।


संत समाज पर लगातार उठ रही ऊगलियों के बाद अब आश्रमों, अखाड़ों और कथावाचकों से जुड़े कुछ मामलों में यौन एवं शारीरिक शोषण के आरोप सामने आने के बाद संत समाज की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग तेज होने लगी है। उज्जैन में इस मुद्दे पर महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बड़ा बयान देते हुए साधु बनने की प्रक्रिया निर्धारित करने और इसके लिए सरकार से स्पष्ट नियमावली बनाने की मांग की है।

पंडित महेश शर्मा ने कहा कि सनातन धर्म में साधु बनने की एक निश्चित और पारदर्शी पद्धति होनी चाहिए। देश के 13 अखाड़ों के प्रमुखों की ओर से मनमाने तरीके से लोगों को महत्वपूर्ण पद और उपाधियां दिए जाने पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि साधु बनाने से लेकर आचार्य महामंडलेश्वर और महामंडलेश्वर जैसी उपाधियां देने तक के लिए स्पष्ट योग्यता और कठोर नियम निर्धारित किए जाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि किसी भी व्यक्ति को साधु बनाने अथवा महत्वपूर्ण धार्मिक पद सौंपने से पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाए। सरकार को इस संबंध में नियमावली तैयार करनी चाहिए, ताकि अयोग्य लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने पर रोक लगे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने अखाड़ों के प्रमुखों से भी इस विषय को गंभीरता से लेने की अपील की।

महिला संतों को भी मिले नेतृत्व का अवसर
महिला संत हर्षानंद गिरि ने धार्मिक संस्थाओं और अखाड़ों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जब 13 अखाड़ों और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महत्वपूर्ण पदों पर पुरुष संत जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, तो महिला संतों और साध्वियों को भी नेतृत्व का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को महामंडलेश्वर की उपाधि तो दी जाती है, लेकिन अखाड़ों की निर्णय प्रक्रिया और संगठन के महत्वपूर्ण पदों पर उनकी भागीदारी सीमित रहती है। महिला संतों को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महामंत्री और कोषाध्यक्ष जैसे पदों पर भी जिम्मेदारी दी जानी चाहिए। इससे धार्मिक संस्थाओं में महिलाओं की आवाज मजबूत होगी और आश्रमों में आने वाली महिलाओं की समस्याओं को बेहतर तरीके से उठाया जा सकेगा।

हर व्यवस्था में सुधार जरूरी: महामंडलेश्वर शैलेषानंद
जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर शैलेषानंद महाराज ने कहा कि मानवीय गुण और अवगुण हर व्यवस्था में मौजूद रहते हैं। राजनीति, लोकतंत्र, धर्म, समाज और आर्थिक क्षेत्र में अच्छे-बुरे सभी तरह के लोग होते हैं। कई बार सम्मानित पद मिलने के बाद भी व्यक्ति अपने अवगुणों को नहीं छोड़ पाता। उन्होंने कहा कि धार्मिक व्यवस्थाओं में पद और उपाधियां योग्यता के आधार पर दी जाती हैं। अखाड़ों में भी व्यक्ति की योग्यता परखी जाती है। महंत और आचार्य महामंडलेश्वर की व्यवस्थाओं का उल्लेख संन्यास उपनिषद में भी मिलता है।
शैलेषानंद महाराज ने कहा कि समय के साथ प्रत्येक व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता होती है। वह अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी से भी मिलते रहते हैं और अपनी कमियों पर चर्चा कर मार्गदर्शन प्राप्त करते हैं। किसी एक घटना के आधार पर पूरे संत समाज को कठघरे में खड़ा करने के बजाय व्यवस्था की शुद्धता, सात्विकता और सुधार पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *