अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करना निजता और गरिमा का घोर अपमान: डॉ. रमेश खन्ना

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी के पिता और आरएसएस से जुड़े नेता की ओर से हरिद्वार प्रेस क्लब में 4085 पन्नों की निजी बातचीत सार्वजनिक करना अत्यंत निंदनीय है। कथित विशिष्ट अतिथि के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए मृतका अंकिता की निजी बातचीत को सार्वजनिक करना उसकी निजता और गरिमा का गंभीर हनन है।


अंकिता की निजी बातचीत सार्वजनिक करना न्याय की लड़ाई नहीं, बल्कि एक मृत बेटी की निजता को सरेआम उछालने जैसा है। अंकिता आज अपना पक्ष रखने के लिए हमारे बीच मौजूद नहीं है। ऐसे में उसकी निजी बातचीत, प्रेम संबंधों, नाराजगी और भावनाओं को सार्वजनिक बहस का विषय क्यों बनाया जा रहा है?


सवाल यह है कि क्या अदालत में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत दस्तावेजों को प्रेस के माध्यम से सार्वजनिक करके किसी मृतका के चरित्र पर सवाल उठाना उचित है? अंकिता की हत्या कैसे हुई? उसका मोबाइल फोन कहां गया? रिजॉर्ट पर बुलडोजर क्यों चलाया गया? कथित विशिष्ट अतिथि कौन था? इन महत्वपूर्ण सवालों के जवाब देने के बजाय पूरे मामले की दिशा अंकिता की निजी जिंदगी की ओर क्यों मोड़ी जा रही है?
क्या अपनी सफाई देने के लिए अब एक मृत बेटी की गरिमा को ही दांव पर लगाया जाएगा? अंकिता के माता-पिता पहले ही अपनी बेटी को खोने का असहनीय दुख झेल रहे हैं। क्या अब उन्हें अपनी बेटी की निजी जिंदगी को सार्वजनिक होते देखने की पीड़ा भी सहनी पड़ेगी?


न्याय की लड़ाई अदालत में लड़िए, जांच में अपना पक्ष रखिए और साक्ष्यों के आधार पर अपनी बात रखिए, लेकिन एक मृत बेटी की निजी बातचीत को सार्वजनिक तमाशा मत बनाइए। याद रखना चाहिए कि निजता और मानवीय गरिमा का सम्मान मृत्यु के बाद भी बना रहना चाहिए। अंकिता को न्याय चाहिए, चरित्र पर सवाल नहीं।
डॉ. रमेश खन्ना
वरिष्ठ पत्रकार
हरिद्वार, उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *