लॉटरी का झांसा देकर 80 लाख से अधिक की साइबर ठगी, पुलिस ने एक आरोपी दबोचा

छह बैंक खातों के जरिए कई राज्यों में फैला था ठगी का नेटवर्क, प्रतिबिम्ब पोर्टल की जांच में 20 से अधिक शिकायतें आईं सामने


हरिद्वार। लॉटरी लगने और इनाम मिलने का लालच देकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले नेटवर्क का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलौर कोतवाली पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी के मामले में एक 23 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आरोपी के नाम से संचालित छह बैंक खातों के माध्यम से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें सामने आई हैं। इनमें से एक बैंक खाते के खिलाफ ही 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज मिली हैं।


पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध की जांच के दौरान प्रतिबिम्ब पोर्टल से हॉटस्पॉट मूल अकाउंट का विवरण प्राप्त हुआ। जांच में बैंक खाता संख्या 57410110000747 के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज होने की जानकारी मिली। इसके आधार पर मंगलौर कोतवाली में मुकदमा मुकदमा दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान संदिग्ध बैंक खाते के धारक की जानकारी जुटाई गई तो आकाश कुमार पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर, उम्र 23 वर्ष का नाम प्रकाश में आया। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के नाम से कुल छह बैंक खाते संचालित हो रहे थे। इन खातों के माध्यम से गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब समेत विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की शिकायतें जुड़ी मिलीं।


पुलिस के मुताबिक, इन छह बैंक खातों के माध्यम से 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी होना सामने आया है। आरोपी कथित तौर पर लोगों को फोन और अन्य माध्यमों से लॉटरी लगने तथा इनाम मिलने का झांसा देता था। इनाम का लालच देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाया जाता था। ठगी से प्राप्त धनराशि को आरोपी एटीएम के जरिए निकालता और फिर अन्य लाभार्थी खातों में ट्रांसफर कर देता था।


पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में साइबर अपराधियों और उनके नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कारवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *