गंगा में बोलेरो धुलाने उतरे तीन लोग तेज बहाव में बहे, दो को बचाया, चालक लापता

बैरागी कैंप में बड़े टापू के सामने हुआ हादसा, पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ का संयुक्त रेस्क्यू अभियान जारी


हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र के बैरागी कैंप में मंगलवार शाम गंगा के तेज बहाव में बोलेरो वाहन के साथ तीन लोग बह गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची कनखल पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दो युवकों को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि बोलेरो चालक का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। लापता चालक की तलाश में संयुक्त टीम जुटी हुई है।


पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम बैरागी कैंप में कुंभ मेले के कार्य में लगे मजदूरों और अन्य कर्मचारियों ने सूचना दी कि बड़े टापू के सामने गंगा नदी में एक बोलेरो वाहन बह गया है। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने नदी में फंसे दो युवकों को बाहर निकाल लिया।


पूछताछ में पता चला कि बोलेरो चालक पुष्कर सिंह (38) पुत्र निवासी गांव सिमलखेत, थाना चौखुटिया, जनपद चमोली, सोनप्रयाग (रुद्रप्रयाग) से सवारियां लेकर हरिद्वार आया था। सवारियों को छोड़ने के बाद चालक पुष्कर सिंह और उसके साथ मौजूद दो युवक बोलेरो को धुलाने के लिए गंगा नदी में उतरे थे। इसी दौरान पानी का तेज बहाव तीनों को वाहन समेत बहा ले गया।


रेस्क्यू किए गए युवकों की पहचान हिमांशु रावत (23) पुत्र सुरेंद्र सिंह रावत, निवासी ग्राम आगर चट्टी, थाना गैरसैंण, जनपद चमोली और राकेश सिंह (28) पुत्र सरोप सिंह, निवासी जनपद चमोली के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, लापता बोलेरो चालक पुष्कर सिंह की तलाश के लिए अभियान जारी है। उसके नदी में बहने की सूचना परिजनों को दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *