123 साल पुरानी परंपरा का निर्वहन, विजयादशमी क्रीड़ा प्रतियोगिता में गुरुदत्त विद्यार्थी सदन अव्वल

महापौर किरण जैसल ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और एथलेटिक्स में दिखाया दमखम


हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विद्यालय में 123 वर्षों से चली आ रही विजयादशमी क्रीड़ा प्रतियोगिता हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। 16 और 17 अक्टूबर को आयोजित प्रतियोगिताओं में चार सदनों के विद्यार्थियों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभा दिखाई। सभी प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक प्राप्त कर गुरुदत्त विद्यार्थी सदन ने पहला स्थान हासिल किया।


समापन समारोह की मुख्य अतिथि नगर निगम महापौर किरण जैसल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। खेलों से अनुशासन, आपसी प्रेम और सहयोग की भावना विकसित होती है। पढ़ाई के साथ खेलों में भाग लेने से विद्यार्थियों को मानसिक तनाव से दूर रहने में मदद मिलती है।


वार्ड 54 के पार्षद नागेंद्र राणा ने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। ऐसी प्रतियोगिताएं अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करती हैं।


विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. विजेंद्र शास्त्री ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों, अधिष्ठाताओं और कर्मचारियों का आभार जताया। शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रविकांत मलिक ने विद्यार्थियों को खेल भावना, संयम और अनुशासन के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।


प्रतियोगिता में क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और योगासन सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।


प्रतियोगिता के आयोजन में पीटीआई लोकेश शास्त्री और धर्म सिंह का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. योगेश शास्त्री, वेदपाल सिंह, लोकेश शास्त्री और धर्म सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और अधिष्ठातागण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *