मंत्री रेखा आर्या के पति पर गंभीर आरोप, धोखाधड़ी से विवाह और हत्या की साजिश का दावा; मुकदमा दर्ज

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में उस समय हलचल मच गई, जब धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मंत्री ने पति पर विवाह के समय पहली शादी छिपाने, अन्य महिलाओं से संबंध रखने, विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने सरकारी आवास में स्टाफ के सामने जातिसूचक अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए कंपनियों में निदेशक पद से हटाने की कोशिश का आरोप भी लगाया है। शिकायत के आधार पर देहरादून के कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, यमुना कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय रेखा आर्या ने छह जुलाई 2004 को उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। मंत्री का आरोप है कि विवाह के समय गिरधारी लाल ने खुद को अविवाहित बताया था, लेकिन कुछ वर्ष बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति पहले से विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं। आरोप है कि विवाह से पहले अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर उन्हें धोखे में रखा गया।


विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का आरोप
तहरीर में रेखा आर्या ने आरोप लगाया कि पति के अन्य महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने इसका विरोध किया। शुरुआत में आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौखिक और लिखित रूप से माफी मांगी, लेकिन इसके बाद भी उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाने लगी। उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी गईं।


मंत्री ने शिकायत में यह भी कहा है कि सरकारी आवास में स्टाफ के सामने उनके लिए जातिसूचक और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा, संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटाने के लिए कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों का सहारा लिया गया। रेखा आर्या का कहना है कि उन्होंने न तो संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और न ही कोई त्यागपत्र दिया।


ऑडियो रिकॉर्डिंग में हत्या की साजिश का दावा
रेखा आर्या ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग की जानकारी भी दी है। उनका आरोप है कि इस रिकॉर्डिंग में गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत के दौरान उनकी हत्या की साजिश रचने की बात कर रहे हैं। मंत्री ने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।


पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
मामले को लेकर एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या की शिकायत के आधार पर उनके पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *