हरिद्वार में हिमंता बिस्वा सरमा का विपक्ष पर हमला, बोले- दिल्ली में आंदोलन नहीं, तमाशा हो रहा

राहुल गांधी पर कसा तंज, नारायणी शिला मंदिर में की पूजा-अर्चना
हरिद्वार।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा आज तीर्थनगरी हरिद्वार पहुंचे और यहां उन्होंने नारायणी शिला मंदिर पहुंचकर अपने पितरों के निमित्त नारायण बलि, श्राद्ध, तर्पण कर्म किए। नारायणी शिला मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने परिवार के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। बता दें कि हिमंता बिस्वा सरमा 12 वर्षों से नारायणी शिला आकर पूजा-अर्चना करते हैं।

इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में हो रहे प्रदर्शन पर मीडिया सें मुखातिब होते हुए उन्होंने विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने विपक्ष के आंदोलन को तमाशा बताते हुए कहा कि लगातार चुनाव हारने के कारण विपक्षी नेता हताश हो चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तंज कसा और सीजेपी को लेकर भी कटाक्ष किया। हरिद्वार पहुंचे हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि विपक्ष लगातार चुनाव हार रहा है। इससे उसके नेता फ्रस्ट्रेट हो चुके हैं और अब प्रदर्शन के नाम पर तमाशा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। दिल्ली में आंदोलन में शामिल लोगों से सौ गुना अधिक लोग प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन करते हैं।

राहुल गांधी पर कसा तंज
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात के सवाल पर असम के मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राष्ट्रपति देश के राष्ट्रपति हैं और उनसे कोई भी मिल सकता है। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट में भी हर दिन हजारों लोग जाते हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि जब राहुल गांधी चंद्रयान और मंगलयान पर जाएंगे, तब उनसे राहुल गांधी के बारे में सवाल पूछा जाए।

सीजेपी पर भी साधा निशाना
सीजेपी को लेकर पूछे गए सवाल पर हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उनके बारे में बात करने का कोई फायदा नहीं है। उन्होंने कहा कि आज उन लोगों की बात होनी चाहिए, जो खुद को युवा शक्ति बताते हैं।

विपक्ष पर सरकार को ब्लैकमेल करने का आरोप
दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए सरमा ने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार को ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के आरोपों से सरकार डरने वाली नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में घेराबंदी इसलिए की गई है, ताकि प्रदर्शनकारी वहां जाकर तमाशा न कर सकें।

नारायणी शिला मंदिर में की पूजा-अर्चना
राजनीतिक बयानबाजी के बीच असम के मुख्यमंत्री ने हरिद्वार के प्रसिद्ध नारायणी शिला मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने परिवार के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *