चार साल से गड्ढों में गुम सड़क, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

जवाहर खान उर्फ झीवरहेड़ी में लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन, सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आमरण अनशन की चेतावनी


विनोद धीमान
हरिद्वार।
जवाहर खान उर्फ झीवरहेड़ी गांव की बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्राम प्रधान प्रदीप सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण मुख्य मार्ग पर एकत्र हुए और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब चार साल से गांव से सुल्तानपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग जर्जर हालत में है, लेकिन शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग ने सड़क की सुध नहीं ली।


ग्रामीणों के मुताबिक सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवाजाही में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद शहजाद और लोनिवि अधिकारियों से कई बार मांग की गई, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

सड़क किनारे कूड़ा और मृत पशु डालने का आरोप
ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली के साथ सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर के सफाई कर्मियों की ओर से मुख्य मार्ग के किनारे कूड़ा-कचरा और मृत पशु डाले जाते हैं। इससे आसपास गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के साथ सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे आंदोलन तेज करते हुए आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में गौरव सैनी, पवन सैनी, मनोज कुमार, सतीश कुमार, नाजिम, तेजपाल, योगेश, राजकुमार, सोनू और टिंकु समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।

जल्द तैयार होगा सड़क का एस्टीमेट
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडे ने बताया कि जवाहर खान उर्फ झीवरहेड़ी की सड़क की समस्या उनके संज्ञान में नहीं थी। उन्होंने कहा कि जल्द सड़क का एस्टीमेट तैयार कर स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार सड़क निर्माण कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *