लाइसेंस के नाम पर पांच लाख रुपये मांगने का आरोप, पुलिस ने समझाकर नीचे उतारने की कोशिश की
ऋषिकेश। कृषि उत्पादन मंडी समिति ऋषिकेश में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब हरीश पांडे नाम का युवक मंडी समिति की बिल्डिंग पर लगे टावर पर चढ़ गया। युवक ने अपनी मांगें पूरी होने तक नीचे नहीं उतरने की चेतावनी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
जानकारी के अनुसार, युवक सुबह करीब नौ बजे मंडी समिति परिसर पहुंचा और टावर पर चढ़ गया। उसके टावर पर चढ़ने की सूचना से मंडी समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक से बातचीत शुरू की।
कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
टावर पर चढ़े युवक ने मोबाइल पर बातचीत के दौरान मंडी समिति की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उसका कहना है कि वह लंबे समय से मंडी परिसर में काम कर रहा है, लेकिन अधिक किराये के कारण कारोबार आगे नहीं बढ़ पा रहा है। युवक ने आरोप लगाया कि मंडी परिसर में अनधिकृत रूप से महंगा किराया वसूला जा रहा है। साथ ही लाइसेंस बनवाने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई।
युवक ने कहा कि मंडी समिति में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और अधिकारियों का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर खींचने के लिए उसने यह कदम उठाया है। हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पार्षद रामकुमार संगर ने भी युवक के आरोपों का समर्थन करते हुए मंडी समिति के अधिकारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे और गरीब कारोबारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जाता तथा शिकायतों के बावजूद कई मामलों में कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कुछ अधिकारियों के लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात होने पर भी सवाल उठाए।
मंडी समिति ने आरोपों से किया किनारा
कृषि उत्पादन मंडी समिति के सहायक चंद्रशेखर ने बताया कि युवक किस वजह से टावर पर चढ़ा है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि युवक ने अपनी मांगों को लेकर मंडी समिति में पहले कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी थी।
उन्होंने बताया कि युवक मंडी समिति का पंजीकृत व्यापारी नहीं है और न ही पल्लेदार के रूप में पंजीकृत है। उनके अनुसार युवक लगातार मोबाइल पर किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि युवक किसी के कहने या बहकावे में आकर टावर पर चढ़ा हो सकता है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद रही और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए उससे लगातार बातचीत की गई। घटना को लेकर मंडी परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


