दुष्कर्म-धर्म परिवर्तन केस में पुलिस का एक्शन, मुख्य आरोपी शाहरुख गिरफ्तार

शिकायत के अगले ही दिन पुलिस ने दबोचा शाहरुख, डिजिटल साक्ष्य खंगालने के साथ लगातार दी जा रही थी दबिश
हरिद्वार।
पथरी थाना क्षेत्र में मध्य प्रदेश निवासी युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। शिकायत दर्ज होने के अगले ही दिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शाहरुख को गुर्जर बस्ती से काठा पीर जाने वाले मार्ग से दबोच लिया।


25 सितंबर को युवती ने थाना पथरी पहुंचकर कुछ लोगों पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी हरिद्वार ने थानाध्यक्ष पथरी को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य तक खंगाले
निर्देश मिलते ही पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला गया। पुलिस ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उनकी तलाश तेज कर दी। जांच और दबिश के बीच 26 सितंबर को पुलिस को मुख्य आरोपी शाहरुख के संबंध में अहम सूचना मिली। इसके बाद टीम ने गुर्जर बस्ती से काठा पीर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी शाहरुख पुत्र निसार, निवासी ग्राम बादशाहपुर, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। मामले में धारा 127(3), 64(2)(ड), 70(2), 319 बीएनएस तथा धारा 5 उत्तराखंड धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है। पुलिस प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *