फायरिंग में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद, फरार आरोपितों की तलाश में दबिश जारी
हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में मध्य रात्रि हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को कार्यशाला गैराज, नगर निगम मायापुर निवासी महिला ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि लक्की और उसके साथी कबीर ने उनकी बहू पर फायरिंग की। घटना में उनकी बहू को चोटें आई थीं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार सुरागरसी-पतारसी के बाद पुलिस ने 22 सितंबर को मुकदमे में वांछित आरोपित कबीर पुत्र किशोर (22 वर्ष), निवासी गंगा आर्यनगर जलालाबाद, थाना भवन, जनपद शामली, उत्तर प्रदेश को टंकी नंबर-6 बस्ती जाने वाले रास्ते पर जल संस्थान की टंकी के पास स्थित पार्क की सड़क से हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी 19 एक्स 2941 भी बरामद की है। हिरासत में लिए गए आरोपित के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


