रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, 28-29 अगस्त को रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा

देहरादून। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। राज्य की महिलाएं 28 और 29 अगस्त को उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में प्रदेश के भीतर 100 प्रतिशत किराया छूट के साथ निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
उत्तराखंड शासन की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश के अनुसार दोनों दिनों में प्रदेश की महिलाओं को निगम की बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा।


महिलाओं का आवागमन होगा सुगम
रक्षाबंधन के अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। सरकार की इस पहल से महिलाओं को पर्व के दौरान सुरक्षित, सुगम और निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है।


निशुल्क यात्रा के खर्च की सरकार करेगी प्रतिपूर्ति
शासनादेश में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा दिए जाने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *