दुर्गाचार्य साध्वी कंचन भवानी ने जताई हत्या की आशंका, वीडियो संदेश में लगाए गंभीर आरोप

हरिद्वार। दुर्गाचार्य साध्वी कंचन भवानी ने अपनी हत्या कराए जाने की आशंका जताते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया है। वीडियो में उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की और कहा कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसके लिए जिम्मेदार लोग कानून से बच नहीं पाएंगे। उनके इस बयान के सामने आने के बाद संत समाज में चर्चाएं तेज हो गई हैं।


साध्वी कंचन भवानी ने वीडियो संदेश में कहा कि उन्हें अपनी हत्या कराए जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी हत्या होती है तो हत्यारे यह न समझें कि वे बच जाएंगे। उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने की बात कही।


वीडियो संदेश में साध्वी ने संत समाज में कथित तौर पर बढ़ते आडंबर और धार्मिक ज्ञान की कमी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आज कुछ ऐसे लोग गुरु बनकर बैठे हैं, जिन्हें धार्मिक ग्रंथों का पर्याप्त ज्ञान तक नहीं है। उन्होंने हरि गिरि का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि वे गीता का एक श्लोक तक नहीं सुना सकते।


साध्वी ने अपने संदेश में आम लोगों से ऐसे कथित पाखंडियों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि धर्म और गुरु के नाम पर लोगों को भ्रमित करने वालों को पहचानना जरूरी है तथा समाज को ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आना चाहिए।


वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी हलचल
साध्वी कंचन भवानी का यह वीडियो संदेश सामने आने के बाद संत समाज और धार्मिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है। उनके द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *