चमोली। जिले के मायापुर पीपलकोटी क्षेत्र में गुरुवार शाम टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी भर जाने से बड़ा हादसा हो गया। टनल का निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। हादसे के समय टनल के भीतर काम कर रहे कई श्रमिकों के फंसने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों ने अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं, टनल में फंसे अन्य लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान लगातार जारी है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी की। लगातार हो रही बारिश के बीच टनल में मलबा और पानी भरने से रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें आ रही हैं। इसके बावजूद सभी सुरक्षा संसाधनों और विशेषज्ञ टीमों की मदद से युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से मौके पर आवश्यक उपकरण और संसाधन जुटाए गए हैं। अधिकारियों का पूरा फोकस टनल में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।


