स्कूल जाते समय घात लगाकर किया हमला, पुलिस ने जांच के लिए टीमें गठित कीं
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की स्कूल जाते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में वारदात का आरोप विद्यालय के ही बाबू नवल किशोर पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सैंज निवासी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा रोज की तरह सुबह अपनी कार से मुख्य सड़क तक पहुंचे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य सड़क पर ही गिर पड़े।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
क्षेत्राधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
प्रधानाचार्य की हत्या की खबर फैलते ही जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। जिला अस्पताल में शिक्षकों, स्थानीय लोगों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिक्षक संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और शिक्षा संस्थानों से जुड़े कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस हत्या के पीछे के कारण और दोनों के बीच किसी संभावित विवाद की भी जांच कर रही है।


