गंगनहर में लापता मां-बेटी केस में बड़ा खुलासा, पति समेत 5 पर हत्या के प्रयास का मुकदमा

हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में एक वर्षीय बेटी के साथ लापता हुई विवाहिता के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पहले पति ने पत्नी के विवाद के बाद बच्ची समेत नहर में कूदने की बात कही थी, लेकिन अब महिला के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर मारपीट कर दोनों को नहर में धक्का देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, रविवार को कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन ने सूचना दी थी कि वह अपनी पत्नी सरिता और दो बच्चों के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित ससुराल जा रहा था। रास्ते में कहासुनी होने पर उसकी पत्नी एक वर्षीय बेटी को लेकर गंगनहर में कूद गई।


सूचना पर बहादराबाद पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया। सोमवार देर शाम तक मां-बेटी का कोई सुराग नहीं मिल पाया। सर्च अभियान लगातार जारी है।
इसी बीच महिला के भाई भूपेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन सरिता का विवाह वर्ष 2020 में अर्जुन से हुआ था। शादी के बाद से पति, सास, ससुर और दोनों ननदें दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न और मारपीट करते थे।


शिकायत में कहा गया है कि 11 जुलाई की रात सरिता ने फोन कर बताया था कि उसके साथ मारपीट की जा रही है और उसे तथा उसकी एक वर्षीय बेटी नैन्सी को जान से मारने की कोशिश की जा रही है। अगले दिन अर्जुन ने फोन कर बताया कि सरिता बेटी को लेकर गंगनहर में कूद गई है। परिजनों का आरोप है कि दोनों को जानबूझकर नहर में धक्का दिया गया।


बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साथ ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गंगनहर में लापता मां-बेटी की तलाश में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *