पिल्ला गैंग पर पुलिस का शिकंजा, एक गिरफ्तार, दो नाबालिग संरक्षण में

हरिद्वार। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने सोशल मीडिया पर सक्रिय कथित पिल्ला गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सदस्य को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया है।


पुलिस के अनुसार, यह गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर दहशत और वर्चस्व दिखाने की कोशिश करता था। युवाओं के बीच आपसी टशन और दिखावे की प्रवृत्ति के चलते छोटी-छोटी कहासुनी मारपीट में बदल रही थी, जिसके बाद आरोपी वीडियो बनाकर वायरल कर रहे थे।

मामला कनखल कोतवाली क्षेत्र का है, जहां लगातार मिल रही मारपीट की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सादे कपड़ों में टीमों को तैनात किया। पुलिस टीमों को जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय क्षेत्र में सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के निर्देश दिए गए।


जांच के दौरान 10 अप्रैल को हुई मारपीट की घटना में 11 संदिग्धों की पहचान की गई थी। लगातार दबिश और निगरानी के बाद पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो नाबालिगों को नियमों के तहत संरक्षण में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपित का नाम पता आर्यन सैनी (19 वर्ष), निवासी इंदुपुरम कॉलोनी, जगजीतपुर, कनखल, हरिद्वार बताया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।

मॉडिफाइड बाइक भी रडार पर
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मॉडिफाई किए गए दोपहिया वाहनों पर भी सख्ती दिखाई। कुल 08 मोटरसाइकिल सीज की गईं। साथ ही संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *