हरिद्वार। पिरान कलियर स्थित रहमतपुर रोड के पास एक प्लॉट में खड़े एक बड़े ट्रक में शुक्रवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की तेज लपटें और घना धुआं दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत ट्रक स्वामी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ट्रक मालिक ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही चेतक कर्मी रविंद्र बालियान और जमशेद अली मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही दमकल विभाग की टीम ने भी बिना देर किए घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक ट्रक के सभी टायर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।


