तीरंदाजी कोच पर 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का आरोप, मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में एक तीरंदाजी कोच पर 14 वर्षीय छात्रा से कथित दुष्कर्म करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीडि़ता एक नामी स्कूल की छात्रा बताई जा रही है। आरोप है कि आरोपी कोच ने छात्रा को डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।


जानकारी के अनुसार छात्रा उसी स्कूल में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेती थी, जहां आरोपी कोच बच्चों को तीरंदाजी सिखाता है। आरोप है कि पिछले वर्ष अक्टूबर माह में कोच ने छात्रा को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को लगातार चुप रहने के लिए डराया-धमकाया, जिसके कारण वह कई महीनों तक किसी से कुछ नहीं कह सकी।
आखिरकार छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीडि़ता के पिता उसे लेकर कनखल थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।


पुलिस के अनुसार शिकायत मिलते ही कनखल थाना पुलिस ने आरोपी कोच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता के बयान दर्ज कराए गए हैं और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामला एक प्रतिष्ठित स्कूल से जुड़ा होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आरोपी मूल रूप से हरियाणा का निवासी बताया जा रहा है और कनखल क्षेत्र के एक स्कूल में तीरंदाजी का प्रशिक्षण देता है।


पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी कोच की गिरफ्तारी की जाएगी। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं उसने अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसी हरकत तो नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *