एक्सप्रेसवे पर चलती कार बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

हरिद्वार। जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब भगवानपुर एक्सप्रेसवे पर अचानक चलती कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के अनुसार घटना भगवानपुर थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास की है। बढ़ेड़ी राजपूतान गांव निवासी इल्तिजा अपनी कार से दवाइयां लेने सहारनपुर की ओर जा रहे थे। सफर सामान्य चल रहा था, तभी अचानक कार के बोनट से धुआं निकलता दिखाई दिया। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, कुछ ही सेकेंड में कार के अगले हिस्से से तेज लपटें उठने लगीं।
आग भड़कते ही चालक इल्तिजा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार को सड़क किनारे रोका और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क के बीचों-बीच कार में लगी आग से एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *