विनोद धीमान
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में छोटा हाथी (लोडर वाहन) पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वाहन में लदे मार्बल पत्थरों के नीचे दबने से उसकी मौके पर ही जान चली गई।
जानकारी के अनुसार थाना पथरी क्षेत्र के गांव धनपुरा निवासी मेहरबान (50) पुत्र अकबर लक्सर से छोटा हाथी वाहन (यूके-17-सीए-6314) में मार्बल पत्थर भरकर हरिद्वार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन फेरपुर पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, ओवरलोड होने के कारण अचानक टायर फट गया। टायर फटते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के दौरान पीछे बैठे मेहरबान मार्बल पत्थरों के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही थाना पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद पत्थरों के नीचे दबे मेहरबान को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि छोटा हाथी लक्सर से मार्बल पत्थर लेकर हरिद्वार जा रहा था। फेरूपुर के पास टायर फटने से वाहन पलट गया, जिससे पत्थरों के नीचे दबने से मेहरबान की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


