हरिद्वार। जनपद के पिरान कलियर में गंगनहर किनारे एक नवजात का भ्रुण मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भ्रुण को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया और मामले की छानबीन में जुट गई। इसी के साथ पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।
जानकारी के मुताबिक, पिरान कलियर थाना क्षेत्र में रुड़की रोड पर स्थित पुरानी गंगनहर किनारे नीचे की ओर किसी राहगीर ने कपड़े की चादर से बंधी एक गठरी पड़ी हुई देखी। जिसकी सूचना राहगीर द्वारा तत्काल पुलिस को दी गई, इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने के बाद पिरान कलियर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब गठरी को खोला तो भीतर चादर में लिपटा हुआ एक भ्रुण नजर आया, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने भ्रुण को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवा दिया और मामले की जांच में जुट गई। इसी के साथ पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है।
पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि गंगनहर किनारे एक नवजात का भ्रुण मिला है। मामले की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। उनका कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। ताकि भ्रुण को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।


