बिशनपुर कुंडी में भव्य भंडारे का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद


हरिद्वार। क्षेत्र के बिशनपुर कुंडी में धार्मिक आस्था और श्रद्धा के वातावरण के बीच गुरुगोरखनाथ अलख अखाड़ा परिषद की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गंगा में प्रसाद अर्पित कर की गई। इसके बाद आयोजित भंडारे में हजारों की संख्या में गांववासियों, साधु-संतों, महिलाओं एवं पुरुषों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया।


कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने गंगा पूजन के बाद सामूहिक रूप से भंडारे में सेवा कार्य भी किया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बैठने, प्रसाद वितरण और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।


इस अवसर पर गुरुगोरखनाथ अलख अखाड़ा परिषद के महंत पीठाधीश्वर संजीवन नाथ महाराज एवं श्री चेतना नंद महाराज की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने धर्म, सेवा और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मनोज चौहान (प्रदेश सचिव, विश्व हिंदू परिषद), डीके सिंह, जिला अध्यक्ष विश्व हिंदू परिषद कुंवर पाल सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने आयोजकों का आभार व्यक्त किया।


भंडारा देर शाम तक चलता रहा, जिसमें दूर-दराज के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ। गुरुगोरखनाथ अलख अखाड़े के महंत पीठाधीश्वर संजीवन नाथ महाराज ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *