लक्सर में इंटरसेप्टर दल की बड़ी कार्रवाई: 17 वाहनों के चालान, 2 डंपर सीज, स्कूली वाहन भी नहीं बख्शे

विनोद धीमान

हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में गुरु वार को इंटरसेप्टर दल रुड़की और लक्सर सचल दल द्वारा संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विशेष रूप से मालवाहक वाहनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान विभिन्न नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 17 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 02 डंपरों को बंद (सीज) किया गया। इसके साथ ही स्कूली वाहनों की भी गहन जांच की गई और मानकों का पालन न करने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।


प्रवर्तन कार्रवाई मुख्य रूप से बिना फिटनेस, बिना इंश्योरेंस, बिना टैक्स, ओवरलोडिंग तथा बिना ढके माल परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ की गई। अभियान के चलते वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

परिवहन विभाग के इंटरसेप्टर अधिकारी (ARTO) हरीश रावल ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना वैध दस्तावेज, ओवरलोडिंग या नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। हमारा उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


अभियान में इंटरसेप्टर दल से हरीश रावल, प्रवर्तन कार्मिक अरुण कुमार, नीलम, विकास, राकेश तथा लक्सर सचल दल के प्रभारी अधिकारी रविंद्र पाल सैनी के साथ अनिल कुमार, जसपाल सिंह पंवार और अरविंद मौजूद रहे।
परिवहन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगामी दिनों में भी इसी प्रकार के सघन अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *