देहरादून। उत्तराखंड सचिवालय में नौकरी लगाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला ने सचिवालय में नौकरी के नाम पर एक युवक से 26 लाख 55 हजार रुपए हड़प थे। इतना ही नहीं नौकरी के नाम पर पैसे लेकर फर्जी नियुक्ति पत्र तक थमा दिया था। महिला के खिलाफ सचिवालय में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के 3 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
दरअसल, ऋषिकेश निवासी अमित कुमार ने नेहरू कॉलोनी थाने में एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।जिसमें अमित ने आरोप लगाया था कि महिला ने सचिवालय में नौकरी लगाने के नाम पर 26 लाख 55 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। इतना ही नहीं महिला ने सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्ति का फर्जी पत्र तक दिया।
मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की तो जानकारी मिली कि महिला ने युवक को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया था। जिस पर आरोपी महिला की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश दी। इसी कड़ी में नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने आरोपी महिला को जोगीवाला से गिरफ्तार कर लिया।