यूपी से चुनाव लड़ेंगे चैम्पियन, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर बोला हमला

भाजपा नेता व जनपद की खानपुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने कहा कि वह आगामी लोकसभा चुनाव भाजपा के टिकट पर उत्तर प्रदेश से लड़ेंगे। चैंपियन ने कहा कि वह मेरठ, बिजनौर, अमरोहा या सहारनपुर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी जिस सीट से भी कहेगी, वह चुनाव लड़ने को तैयार हैं। यह बात उन्होंने मसूरी में मालरोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व हरिद्वार शहर से विधायक मदन कौशिक पर भी हमला बोला।

चैंपियन ने आरोप लगाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भाजपा के ही तीन प्रत्याशियों के खिलाफ भीतरघात करते हुए उन्हें हराने का काम किया। जिसमें खानपुर, हरिद्वार व रुड़की विधानसभा शामिल हैं। चैंपियन ने खानपुर विधायक उमेश शर्मा पर भी जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि उमेश शर्मा ने खानपुर में विकास की जो भी घोषणाएं की थीं, उनमें एक भी पूरी नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि विधायक न होते हुए भी उन्होंने खानपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से खादर के लिए तीन पुल स्वीकृत करवाए। जिनकी लागत तीस करोड़ रुपये है। इसका शासनादेश भी जारी हो गया है। खानपुर में सिडकुल खोला जा रहा है, जिसमें उत्तराखंड के युवकों को रोजगार मिलेगा। सड़कें बनाई जा रही हैं। यह सब उन्हीं के प्रयास से संभव हो पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *