बदमाशों ने घर में घुसकर पति-पत्नी पर बीती रात धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। बदमाशों ने मृतक महिला की मां को भी घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस अधिकारी के साथ ही विधायक शिव अरोरा मौके पर पहुंचे। अभी घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना रूद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के आजाद नगर की है।

जानकारी के मुताबिक मृतक संजय यादव मूल रूप से यूपी के आजमगढ़ का रहने वाला था और घर जमाई बनकर पत्नी सोनाली के साथ उसके घर में ही रहता था। बीती रात बदमाश उसके घर में घुस आए। उन्होंने धारदार हथियारों से संजय और सोनाली पर हमला कर दिया। उनकी चीख पुकार सुनकर जब सोनाली की मां गौरी मंडल उन्हें बचाने दौड़ी तो हमलावर ने उन पर भी चाकू से हमला बोल दिया।
हमला करने के बाद बदमाश फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बुरी तरह घायल गौरी मंडल को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने मृत दंपत्ति के घर को एहतियातन सील कर दिया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए।
बताया जा रहा है कि दंपत्ति सिडकुल की किसी कम्पनी में काम करते थे। मृतक के पुत्र जय ने पुलिस को बताया कि हमलावर युवक पहले पड़ोस में ही किसी महिला के साथ किराये पर रहता था। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिये भिजवा दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


