वर्षा से बंद 274 में से 37 मार्ग खोले, शेष कल तक खोल दिए जायेेगे
हरिद्वार। जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि भीमगौड़ा बैराज के गेट टूटने से किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। बरसात होने के साथ-साथ पानी की निकासी लगातार हो रही है। गेट को ठीक करने के लिए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से भी कहा है। उन्होंने कहा कि मानसून अवधि में हो रही भारी वर्षा के कारण अभी तक 274 मार्ग बन्द थे, जिसमें से 37 मार्ग खोले जा चुके हैं तथा शेष 237 मार्गों को खोलने हेतु 213 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं। अधिकत्तर मार्गों को कल तक खोल दिया जायेगा।
जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को भीमगौड़ा बैराज का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मोटर मार्ग पर आन्नेकी के पास क्षतिग्रस्त सेतु का भी स्थलीय निरीक्षण किया।
भीमगौड़ा बैराज के स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि भीमगौड़ा बैराज का गेट टूटने से किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। बरसात होने के साथ-साथ पानी की निकासी लगातार हो रही है। गेट को ठीक करने के लिए उत्तर प्रदेश के जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को पत्र लिखकर यथाशीघ्र ठीक कराया जाने की बात कही है।
लोक निर्माण मंत्री श्री महाराज ने 13 जुलाई को हुई अतिवृष्टि के कारण रोशनाबाद-बिहारीगढ़ मार्ग पर स्थिति आन्नेकी नामक स्थान पर धसे बाक्स सेतु का निरीक्षण करते हुए कहा कि सेतु को यातायात हेतु बन्द कर क्षतिग्रस्त भाग पर वैली ब्रिज लगाने हेतु कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। अगले तीन सप्ताह में हल्के वाहन हेतु सेतु को खोल दिया जायेगा। वर्तमान में अनेकी-पूरनपुर-पथरी मार्ग होते हुए बाहदराबाद जाया जा सकता है।
इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल, लव शर्मा आशु चौधरी, आशुतोष शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, सचिन शर्मा, पुनीत चौधरी, शुशांत पाल, सुनील कुमार, सीडीओ, एसडीएम, पीडब्ल्यूडी चीफ अशोक कुमार, सिंचाई विभाग के चीफ आदि उपस्थित थे।


