प्रभावितों की हर संभव की जाए मदद, कोताही नहीं होगी बर्दाश्तः निशंक


बैठक में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की ली जानकारी, दिया अधिकारियों को सख्त निर्देश


हरिद्वार। हरिद्वार सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने जिले के बाढ़ग्रस्त इलाकों का निरीक्षण करने के बाद आज सीसीआर कंट्रोल रूम में प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने राहत सामग्री के वितरण और राहत कार्यों का जायजा भी लिया। बैठक के दौरान डॉ निशंक ने अधिकारियों से सख्त लहजे में निर्देशित करते हुए कहा कि किसी भी तरह से एक भी आम आदमी को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस आपदा की स्थिति में किसी भी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


सांसद डॉ निशंक ने बैठक में जनपद के सभी बाधित मार्गों के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त करते हुए तत्काल क्षतिग्रस्त मार्गों को बहाल किये जाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान डॉ निशंक ने पत्रकारों को बताया कि राहत कार्यों के लिए लोनिवि की तीनों डिविजन को 80 लाख की धनराशि का भुगतान किया गया है जिससे की राहत कार्यों में कोई समस्या न आने पाए। साथ ही अधिशासी अभियन्ता सिंचाई विभाग को कुल 40 लाख की धनराशि अग्रिम उपलब्ध करायी गयी। उन्होंने बताया जनपद हरिद्वार को कुल राज्य आपदा मोचन निधि द्वारा कुल 30 करोड़ तथा आपदा न्यूनीकरण मद के अन्तर्गत कुल 1 करोड, पेयजल योजनाओं की तात्कालिक मरम्मत, पुनर्निर्माण हेतु 4 करोड़ जनपद को कुल 35 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही राज्य आपदा मोचन निधि से जनहानि और पशुहानि के लिए अब तक 20.36 लाख की धनराशि भी वितरित की गई है।
बैठक के दौरान डॉ निशंक ने अधिकारियों से बाढ़ प्रभावित व जलभराव वाले क्षेत्रों में संक्रमित बीमारियांे से बचाव हेतु पर्याप्त मात्रा में स्टॉफ तैनात किये जाने व मेडिकल किट, दवाईयों आदि की पर्याप्त मात्रा में व्यवस्था तथा पशु चिकित्साधिकारी, हरिद्वार को पशुओं के लिए चारे की समुचित व्यवस्था किये जाने हेतु निर्देशित किया।


उन्होंने क्षेत्र की जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि तहसील लक्सर अन्तर्गत बाढ़ से प्रभावित 33 ग्रामों के कुल प्रभावित 81 परिवारों को अस्थायी राहत केन्द्रों में शिफ्ट किया गया है तथा 2775 परिवार जो प्रभावित हैं उनकी पूरी मदत की जा रही है। तहसील हरिद्वार अन्तर्गत 14 ग्राम बाढ़ से प्रभावित है जिनमंे 141 परिवारों के 650 व्यक्तियों को राहत सामग्री पहुंचा दी गई है। तहसील रुड़की अन्तर्गत 22 ग्राम बाढ़ से प्रभावित हैं जिनके 750 परिवारों के लगभग 3200 व्यक्तियों को सहायता राशि वितरित की जा रही है। तहसील भगवानपुर अन्तर्गत 2 ग्राम बाढ़ से प्रभावित होने जिनके 90 परिवारों के लगभग 380 व्यक्तियों को राहत वितरण की जा रही हैं। उन्होंने बताया भारी वर्षा के कारण जनपद 5 भवन पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त हुए है तथा लगभग 205 भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए है जिनकी पूरी मदत की जा रही है। इसके साथ ही साथ उन्होंने बताया की आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में खाने की व्यवस्था से लेकर रहने की भी पूरी व्यवस्था की गई है।


सांसद डॉ निशंक ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अगर किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति आती है तो हम उसके लिए पूरी तरह से तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियो को निर्देशित कर दिया गया है कि राहत शिविर में किसी भी तरह से कोई समस्या नहीं होनी चाहिए ।
इस दौरान रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्बयाल, एसएसपी अजय सिंह, एडीएम वीर सिंह बुधीयाल, नगर आयुक्त दयानंद सरस्वती सीएमओ मनीष दत्त, पीडब्ल्यूडी, पशुपालन, खाद्यान्न आपूर्ति सहित तमाम अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *