हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन में चल रहे विवाद के शीघ्र समाप्त होने के संकेत मिलने लगे हैं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष की पहल पर अखाड़े के तीन श्रीमहंतों से वार्ता के बाद सभी की ओर से सकारात्मक रूख सामने आया है।
विदित हो कि बड़ा उदासीन अखाड़े में अंदरूनी विवाद के चलते अखाड़े से एक श्रीमहंत समेत चार संतों को निष्कासित कर दिया था। जिसके बाद अखाड़े में संतों के बीच तनाव बढ़ गया। इस विवाद का पटाक्षेप करने के लिए विगत तीन दिनों से अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने अखाड़े के तीन श्रीमहंतों श्रीमहंत महेश्वर दास महाराज, श्री महंत रघुमुनि व श्री महंत दुर्गादास महाराज से अलग-अलग वार्ता की और अखाड़े के विवाद का शीघ्र पटाक्षेप अखाड़ा व समाजहित में करने की अपील की। जिस पर सभी ने विवाद का शीघ्र पटाक्षेप करने के लिए अपना सकारात्मक रूख दिखलाया। जिसके बाद उम्मीद है कि शीघ्र ही सभी संत बैठकर इस विवाद का पटाक्षेप कर लेंगे।


