गैस माफियाओं पर पुलिस की विस्फोटक कार्यवाही;टैंकर से गैस चोरी कर रीफ्लिंग करते चालक सहित तीन गिरफ्तार

हरिद्वार। चंद मुनाफे के चक्कर में जनता की जान के साथ खिलवाड़ कर गैस टैंकर से गैस निकालकर घरेलू गैस सिलेंडरों में भरते हुए 03 अभियुक्तों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने 08 घरेलू गैस सिलेंडर, 01 नोजल मय पाइप, 01 टैंकर कैप्सूल व अल्टो कार बरामद की हैं। अभी अभियुक्तों का पुलिस ने चालान कर दिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीते कई दिनों से पुलिस को झबरेडा ग्रामीण क्षेत्र में घरेलू गैस चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थी। जिसका संज्ञान लेते हुए एसएसपी हरिद्वार ने घटनाओं की तत्काल रोक के लिए सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। एसएसपी के निर्देशों के बाद हरकत मेे आईं झबरेडा थाना पुलिस व सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम सढौली में स्थित डीलक्स ढाबे पर गैस टैंकर से गैस निकालकर घरेलू गैस सिलेंडरों में भरते हुए 03 अभियुक्तों को दबोचा साथ ही मौके से 08 घरेलू गैस सिलेंडर, 01 नोजल मय पाइप, 01 टैंकर कैप्सूल व अल्टो कार बरामद की।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि उक्त गैस टैंकर को चालक किशन पुत्र मनोज सिंह गाजियाबाद लोनी से भगवानपुर (हरिद्वार) लेकर आता रहता है। जिसमें से तीनो अभियुक्त डीलक्स ढाबे पर मानकों को ताक पर रखते हुए अवैध तरीके से टैंकर से गैस चोरी कर सिलेन्डर में गैस भरकर बेचते हैं।

पकड़े गए अभियुक्तों ने अपने नाम रोहित कुमार पुत्र बुध सिंह निवासी ग्राम कोटवाल आलमपुर थाना झबरेड़ा,किशन पुत्र मनोज सिंह निवासी ग्राम फुलोखारी एचपीसीएल गेट भठिंडा पंजाब व अमित कुमार पुत्र किरण पाल निवासी सढौली थाना झबरेड़ा हरिद्वार बताए। सभी आरोपियों का सम्बन्धित धाराओं में चालान कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *