हरिद्वार। सोशल मीडिया पर किसी भी सेलेब्रिटी अथवा बड़े अधिकारी की फोटो लगाकर नकली आईडी के जरिए लोगों से धोखाधड़ी के कई मामले सामने आ चुके है। ये साईबर अपराधी इतने शातिर है व निडर होकर ऐसी कारगुज़ारियों को अंजाम देते है कि कोई भी बस देखता ही रह जाता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया जिसमे जालसाजों ने ज्वालापुर कोतवाल की सोशल मीडिया पर नकली आईडी बना डाली। जिसका पता चलते ही ज्वालापुर कोतवाल ने पोस्ट कर जनता से सावधान रहने की अपील की।

इंस्टाग्राम पर जालसाजों ने ज्वालापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आरके सकलानी के नाम से फर्जी एकाउंट बना दिया। इतना ही नहीं नकली आईडी बनाने वाले ने कोतवाल के किसी नजदीकी जानकर से रुपयों की भी मांग की। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि इसका पता लगते ही उन्होंने इस बात की जानकारी सभी से शेयर करते हुए अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पोस्ट के माध्यम से सावधान रहने की अपील की।


