सोमवार उत्तराखंड कांग्रेस को एक के बाद एक दो झटके लगे। आज प्रदेश के दो वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। इनमे वरिष्ठ नेता व प्रवक्ता आरपी रतूड़ी व महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश रमन के नाम शामिल है।
कांग्रेस मेे चालीस साल से भी ज्यादा समय तक पार्टी की सेवा करने वाले वरिष्ठ नेता व प्रवक्ता आरपी रतूड़ी ने कांग्रेस को भारी मन से छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज मन अत्यंत आहत है। उन्होंने कहा कि अपने जीवन के 45 साल उन्होंने पार्टी को समर्पित किए और कांग्रेस को मजबूत करने में हर कदम पर साथ निभाया। आज कांग्रेस के जो हालात प्रतीत हो रहे हैं, उन्हें महसूस हो रहा है कि यहां भविष्य के लिए शुभ संकेत नहीं है। क्योंकि लगातार चुनावो में हार के बाद मंथन के बजाय पार्टी में अंतर्कलह व गुटबाजी बढ़ रही है।
वहीं दूसरी ओर महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश रमन ने भी आज कांग्रेस को बाय बाय कर दिया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वह बीते 3 दशकों से कांग्रेस के साथ जुड़ी रही। इस दौरान उन्होंने समर्पित भाव से भरसक प्रयास किया जिससे कि पार्टी को मजबूत किया जा सके, किंतु वह बीते कुछ समय से स्वयं को ठगा सा महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह कार्यकर्ताओ की उपेक्षा एवं पार्टी के भीतर अंतर्कलह से आहत हैं। ऐसे में वह अपने पद पर और नहीं रह सकती अतः वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे रही हैं।
सूत्रों की माने तो दोनों नेता अब आम आदमी पार्टी में जा सकते हैं। बताते चलें कि कुछ समय पूर्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जोत सिंह बिष्ट ने भी कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था। जिसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी।