शादी के दौरान वर-वधु पक्ष में जमकर चले लात-घूंसे


एक शादी का मंडप अखाड़े में तब्दील हो गया। जिसके चलते वर-वधु पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग जख्मी हो गए। इसके बाद नाराज दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। जिसके बाद वर और वधू दोनों पक्षों में समझौता हो गया। लेकिन बारात को बिना दुल्हन के ही खाली हाथ बैरंग वापस लौटना पड़ा। घटना उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर की है।


जानकारी के अनुसार रविंद्रनगर निवासी एक महिला की बेटी की शुक्रवार की रात विवाह समारोह था। बारात किच्छा की पंत कालोनी से आनी थी। दूल्हा 70 लोगों के साथ बरात लेकर रात करीब दस बजे रवींद्रनगर पहुंचा। वधु पक्ष ने बरातियों का अच्छी तरह से स्वागत किया। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान रात में समय अधिक होने से डीजे बंद करने पर वर पक्ष के लोग नाराज हो गए और लड़ाई झगड़ा करने लगे।


डीजे की वजह से उत्पन्न हुआ विवाद जैसे-तैसे शांत हो गया। लेकिन विवाह से पहले आयोजित रस्म में वर और वधु पक्ष के बीच फिर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई और मारपीट हो गई। जिससे विवाह समारोह में अफरा तफरी मच गई। वधु पक्ष का आरोप है कि बरातियों ने जमकर उपद्रव मचाया एवं विवाह मंडप तोड़ दिया। खाने-पीने के सारे बर्तन फेंक दिए और टेंट भी तहस-नहस कर दिया। मारपीट में वधु पक्ष के आशीष, कपिल, मिलन समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। वर पक्ष से दूल्हा शनी सागर, उसके भाई पवन, राकेश, मुकेश, रिक्की, बहन कविता, सुनीता, चचेरे भाई राजन, राजा, सुमित, प्रदीप और मौसेरा भाई दीपक को भी चोटें लगीं।


विवाह समारोह में मारपीट के दौरान बीच-बचाव को आया हल्द्वानी डिपो का संविदा चालक भी घायल हो गया। रविंद्रनगर निवासी विशाल वर्मा हल्द्वानी डिपो में रोडवेज बस का चालक है। शुक्रवार की रात रविंद्रनगर में आयोजित विवाह समारोह में उसका साथी हल्द्वानी डिपो में रोडवेज बस का चालक चंदन आर्या भी किच्छा से बारात में शामिल था। विशाल चंदन से मिलने विवाह समारोह पहुंचा तो वहां मारपीट होने लगी। यह देख विशाल बीच-बचाव कराने लगा। जिसमें उसका सिर फट गया। उसने अस्पताल में जाकर इलाज कराया।


विवाह समारोह में झगड़े की सूचना पर आवास विकास चौकी प्रभारी अरविंद बहुगुणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घायलों का अस्पताल में इलाज कराया गया। शनिवार को दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कर दिया। लेकिन समझौते के बाद दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। जिसके कारण वर पक्ष को बिना दुल्हन के खाली हाथ बैरंग वापस लौटना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *