देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सरकारी व्यवस्था को आम जनता के और करीब लाने के लिए अपणि सरकार और उन्नति पोर्टल का शुभारंभ किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेयर सुनील उनियाल गामा के साथ मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने पोर्टल का उद्घाटन किया। जिसके बाद प्रदेश सरकार के 9 विभागों की 75 जन सुविधाएं एक क्लिक के साथ एक पोर्टल पर उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विभागों में चलने वाली योजनाओं की जानकारी आम जनता को होना बेहद ही जरूरी है। इसके साथ वो कैसे घर बैठें ये सुविधा उठा सकते है, इसके लिए उन्नति पोर्टल को लॉन्च किया गया है। जिसमें 75 से ज्यादा सुविधाएं एक मंच पर उपलब्ध होगी।
पीएम मोदी की मिनिमम गवर्मेंट मैक्सिमम गवर्नेंस की संकल्पना को पूरा करते हुए प्रदेश में अपणि सरकार पोर्टल उत्तराखंड सरकार के अभिनव प्रयास का परिणाम है। प्रदेश में इस तरह की शुरुआत अपने आप में एक अनूठी पहल है। इस पोर्टल के माध्यम से उत्तराखंड के नागरिक अब जाति प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र सहित कुल 10 विभागों के 75 सेवाओं का लाभ घर बैठे उठा सकेंगे। इस पोर्टल की शुरुआत होने से इन सेवाओं का लाभ निश्चित ही प्रदेश के आम नागरिक को मिलेगा। साथ ही एक तय समयसीमा के अंदर सभी सेवाओं का लाभ आवेदनकर्ता को घर बैठे मिल सकेगा। अनेक विशेषताओं वाले इस पोर्टल के निगरानी तंत्र के माध्यम से सभी कर्मचारियों व अधिकारियों की जबाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी। जिसके परिणाम स्वरूप एक पारदर्शी व जवाबदेह व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहेगी।
इस पोर्टल के जरिए नागरिकों के आवेदन करने की प्रक्रिया प्रारंभ होते ही सक्षम पदाधिकारी के निगरानी में सभी प्रक्रिया संपन्न होगी। पटवारी से तहसीलदार, जिलाधिकारी से मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव व मुख्यमंत्री तक इस मॉनिटरिंग तंत्र के हिस्सा हैं। जिससे यह स्पष्ट है कि अपणि सरकार पोर्टल सुलभता के साथ उत्तराखंड सरकार को आपके द्वार लाने का ही नहीं बल्कि जबाबदेह प्रशासन की नीति को भी मुकम्मल करेगी।

अपणि सरकार एवं उन्नति पोर्टल का सीएम धामी ने किया शुभारंभ


