शुक्रवार देर रात्रि एक ढाई साल के बच्चे पर घात लगाए गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार बच्चे को घर के आंगन से उठा ले गया। रात भर पुलिस और वन विभाग ने सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह 6 बजे घर से करीब 50 मीटर दूर झाड़ियों से बच्चे का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में खौफ का माहौल है। श्रीनगर में पिछले 6 माह में गुलदार द्वारा 4 बच्चे पर हमला किया गया है।
ढाई साल का सूरज पुत्र हरिद्वारी लाल निवासी फरीदपुर थाना फरीदपुर बरेली उत्तर प्रदेश, अपने डांग ऐठाणा बुगाणी रोड पर किराए के कमरे के बाहर खेल रहा था। तभी रात्रि 8 बजकर 30 मिनट के आसपास घात लगाए बैठे गुलदार ने सूरज पर हमला कर दिया। गुलदार सूरज को अपने मुंह में दबाकर जंगल की ओर भाग गया। सूरज के चीखने की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले। जब तक वो कुछ कर पाते गुलदार तब तक सूरज को ले जा चुका था।
परिजनों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी घर में जमा हो गए। लोगों ने घटना के सम्बंध में वन विभाग और पुलिस को जानकारी दी। रात भर चलाये गए सर्च ऑपरेशन के दौरान बच्चे का पता नहीं चला। आज सुबह सूरज का शव झाड़ियों से बरामद किया गया। सूरज अपनी तीन बहनों का एक भाई था। घटना के बाद से सूरज की मां की हालात खराब है। पूरा परिवार सदमे में है।
घटनास्थल पर आए वन क्षेत्राधिकारी नागदेव रेंज ने बताया कि परिजनों को अभी 1 लाख 80 हजार रुपये की राहत राशि दे दी गयी है। इलाके में एक पिंजरा लगा दिया गया है। 2 पिंजरे लगाने की कार्रवाई गतिमान है। इसके साथ ही ट्रैप कैमरे भी इलाके में लगाये जा रहे हैं। जल्द हमलावर गुलदार को पकड़ लिया जाएगा।


